बक्सर खबर। खेल मैदान में दौड़ने गए युवक को किसी ने चाकू मार दिया। रविवार की सुबह यह वाकया नावानगर पुराना कृषि कार्यालय के समीप हुआ। श्रीकांत यादव (लगभग20 वर्ष) के पेट में चाकू लगा है। इस वजह से जख्म काफी गहरा है। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया है। ऐसी सूचना स्थानीय लोगों से ज्ञात हुई। पूछने पर नावानगर पुलिस ने बताया घटना सुबह पांच बजे के आसपास हुई है। युवक भटौली गांव का रहने वाला है।
पूछताछ में उसने बताया सुबह दौड़ने के लिए हाई स्कूल के मैदान में आता है। आज भी वहीं से लौट रहा था। रास्ते में सावले रंग और छोटे कद का युवक खड़ा था। चाकू मार भाग गया। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। उसकी श्रीकांत से क्या दुश्मनी हो सकती है। यह बात भी सबको हैरान कर रही है। स्थानीय सूत्रों की माने तो इसके पीछे कोई और कारण भी हो सकता है। क्योंकि सुबह दौड़ का अभ्यास करने बहुत से युवा जाते हैं। इन दिनों ग्रामीण क्षेत्र में युवतियां भी दौड़ का अभ्यास कर रही हैं। बहरहाल घटना को लेकर रहस्य बरकरार है। वहीं दूसरी तरफ युवक की हाल गंभीर है।


































































































