बड़ी मठिया को मिले नए महंत, श्यामा दास जी महाराज की चादरपोशी

0
403

वैदिक मंत्रों के बीच संपन्न हुआ समारोह, संत समाज की रही गरिमामयी उपस्थिति                                         बक्सर खबर। नगर के पौराणिक रामरेखा घाट स्थित बड़ी मठिया को गुरुवार को नया महंत मिल गया। पूरे वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच श्यामा दास जी महाराज की चादरपोशी की गई। इस मौके पर मठिया परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं, संतों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। चादरपोशी समारोह के अवसर पर वैकुंठवासी पूर्व महंत चंद्रमा दास जी महाराज की स्मृति में भंडारे का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में जिले के अलावा बनारस, अयोध्या समेत अन्य धार्मिक स्थलों से आए कई महंतों ने शिरकत की।

उपस्थित संतों ने अपने संबोधन में चंद्रमा दास जी के जीवन, उनके त्याग और धार्मिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके बाद विधिवत रूप से बड़ी मठिया के नए महंत के रूप में श्यामा दास जी महाराज की चादरपोशी की गई। वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच हुए इस धार्मिक अनुष्ठान ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। समारोह में रामरेखा घाट स्थित छोटी मठिया के महंत अनुग्रह नारायण दास जी महाराज, लक्ष्मी नारायण मंदिर के पीठाधीश्वर जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी राजगोपालाचार्य जी महाराज, गंगापुत्र लक्ष्मी नारायण त्रिदंडी स्वामी सहित कई संत-महात्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कृष्णानंद शास्त्री पौराणिक जी महाराज ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here