-दहशत फैलाने की गरज से चलाई गोलियां
बक्सर खबर। चौकीदार ने मुसहर टोली की महिला के साथ दुष्कर्म का घिनौना प्रयास किया। इतना ही नहीं विरोध करने पर मारपीट करने और आगजनी के प्रयास का अरोप भी लगा है। घटना सोनवर्षा ओपी के रामनगर मुसहर टोली की है। इस सम्बंध में माझिल मुसहर द्वारा चौकीदार तेजनारायण यादव व दो अज्ञात के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकीदार को हिरासत में ले लिया है।
प्राथमिकी के अनुसार मंगलवार रात साढ़े नौ बजे चौकीदार अपने दो साथियों के साथ मुसहर टोली में घूस आया। महिलाओं के साथ छेडख़ानी कर रहा था। जिसका विरोध किए जाने पर नशे में धुत्त चौकीदार ने दहशत फैलाने के लिए अवैध हथियार से कई राउंड फायरिंग भी की। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने चौकीदार की जमकर पिटाई कर दी, तथा उसके पास से अवैध देसी कट्टा छीन लिया। ग्रामीणों का यह भी आरोप है।
घटना के बाद वह भाग गया। कुछ देर बाद बाइक से दो साथियों को लेकर आया। एक झोपड़ी में आग लगा दी। इसके बाद आज बुधवार की सुबह वहां के लोग एसपी से मिलने जिला मुख्यालय आ गए। यहां प्रदर्शन करने लगे। खबर मिलते ही सदर डीएसपी सतीश कुमार व नगर कोतवाल मौके पर पहुंचे। उचित कार्रवाई का भरोसा दिला उन्हें वापस भेजा। मीडिया के पूछने पर कप्तान यूएन वर्मा ने बताया चौकीदार को गिरफ्तार कर लिया गया है।


































































































