मां काली की 23वीं स्थापना वर्षगांठ पर श्रीराम कथा का शुभारंभ

0
92

कलश यात्रा के साथ पंचांग पूजन और मंडप प्रवेश के बीच शुरू हुआ श्रीराम कथा सह ज्ञान यज्ञ                        बक्सर खबर। शहर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित मां काली मंदिर की 23वीं स्थापना वर्षगांठ मंगलवार को पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर श्रीराम कथा सह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शोभायात्रा से हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर अहिरौली स्थित अहिल्या गंगा घाट से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलभरी कर काली स्थान पहुंचे। इसके बाद विधिवत पंचांग पूजन और मंडप प्रवेश कराया गया। यज्ञाचार्य सतेंद्र तिवारी उर्फ सोनू बाबा ने बताया कि मां काली की स्थापना वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 14 जनवरी तक संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक मंदिर परिसर में होगी।

कथा व्यास के रूप में श्रीधाम अयोध्या से पधारीं किशोरी प्रज्ञा पाण्डेय श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का भावपूर्ण रसपान करा रही हैं। आयोजन में आचार्य सत्येंद्र तिवारी का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर है। कार्यक्रम का समापन 14 जनवरी को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्य सोनू बाबा, मानस सिंह, राजकमल सिंह, विशाल चौबे, गुडलक सिंह, चंदन सिंह, इंद्रजीत पांडेय, सुशील राय और राहुल पांडेय सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here