बगेन गोला थाने के दारोगा पर गिरी गाज, जांच में वीडियो मिला सही, विभागीय कार्रवाई शुरू बक्सर खबर। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने बक्सर पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। वीडियो में जिले के बगेन गोला थाना में प्रतिनियुक्त एएसआई मनीष कुमार एक महिला नर्तकी के साथ भोजपुरी गाने पर आपत्तिजनक और अशोभनीय हरकत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच के आदेश जारी किए। एसपी के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार को वायरल वीडियो की जांच सौंपी गई। एसडीपीओ द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में वीडियो प्रथम दृष्टया सत्य प्रतीत हुआ।
इसके आधार पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी एएसआई मनीष कुमार को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया गया है। वायरल वीडियो में एएसआई मनीष कुमार का व्यवहार नशे में प्रतीत हो रहा है। वह एक भोजपुरी गीत पर महिला नर्तकी को गोद में बैठाकर चुम्बन लेते तथा उस पर पैसे लुटाते नजर आ रहे हैं। वीडियो के सार्वजनिक होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। बक्सर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुलिस बल की गरिमा, अनुशासन एवं आचरण नियमावली के विरुद्ध किसी भी प्रकार का कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
































































































