बक्सर खबर। जिले के ब्रह्मपुर थाना अंतर्गत बाबूडेरा गांव में बीती रात लोगों ने दो चोरों को बुरी तरह पीटा। जिसके कारण एक की उपचार के दौरान मौत हो गई। दूसरे का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है। सूचना के अनुसार घटना रविवार रात की है। दो चोर बाबू डेरा गांव (रघुनाथपुर के पास) के जमुना यादव के घर में चोरी की नियत से दाखिल हुए। घर वालों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने शोर मचाया तो वे भाग निकले। फिर घर वाले और गांव के अन्य लोगों ने उनका पीछा किया। उस समय रात के तीन बज रहे थे। कुछ दूर जाने के बाद दोनों को भीड़ ने पकड़ लिया।
जमकर पिटाई की। इसकी सूचना पुलिस को मिली। दोनों को उपचार के लिए रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान ज्योति खरवार (40) पिता दम खरवार की मौत हो गई। दूसरे घायल श्री खरवार को उपचार के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। पूछने पर घटना की पुष्टि डुमरांव डीएसपी ने की। क्या वहां के लोगों को मॉब लिंचिंग का मुकदमा होगा? पुलिस ने कहा घायल के बयान के बाद यह कार्रवाई होगी। वे कहां के रहने वाले हैं। पुलिस ने कहा अभी जो जानकारी प्राप्त हुई है। उसके अनुसार यह दोनों आरा जिला के बिहियां थाना अंतर्गत महथिन माई मंदिर के पास रहते हैं। वैसे इनकी तस्दीक की जा रही है।


































































































