महिलाएं बन रही हैं बदलाव की मिसाल: जिलाधिकारी

0
78

सरकारी योजनाओं से बेटियों को मिल रहे बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर                                        बक्सर खबर। पंचायत कोरानसराय के प्राथमिक विद्यालय कचइनीया में गुरुवार को “महिला संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब समाज में बदलाव की धुरी बन चुकी हैं और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की बदौलत छात्राएं शिक्षा और रोजगार में आगे बढ़ रही हैं। जिलाधिकारी ने छात्राओं को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना और कुशल युवा कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से छात्राओं को न सिर्फ शिक्षा का मौका मिल रहा है, बल्कि भविष्य में रोजगार भी सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने बताया कि डुमरांव के अदफा में 520 बेड का अन्य पिछड़ा वर्ग बालिका +2 आवासीय उच्च विद्यालय बनकर तैयार हो रहा है, जिससे लड़कियों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा। साथ ही नावानगर में संचालित नवोदय विद्यालय का जिक्र भी किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रा अंशु कुमारी और प्रियांशु कुमारी ने मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना से हुए लाभ बताए। वहीं आरती कुमारी बिहार पुलिस, आशा देवी वार्ड सदस्य, सविता देवी पंचायत समिति सदस्य समेत कई महिलाओं ने महिला आरक्षण और इससे मिले सशक्तिकरण पर अपने अनुभव साझा किए।जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि संवाद के दौरान सामने आई समस्याओं और मांगों का समाधान जिला स्तर पर किया जाएगा। वहीं राज्य स्तर से जुड़ी मांगें जैसे मैट्रिक-इंटर छात्रवृत्ति में वृद्धि और पेंशन योजना में सुधार को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। 18 अप्रैल से शुरू हुए महिला संवाद कार्यक्रम के तहत जिले के सभी 136 पंचायतों और 925 ग्राम संगठनों में कार्यक्रम हो रहे हैं। इस दौरान एलईडी युक्त वाहन के माध्यम से योजनाओं से जुड़ी फिल्में दिखाई जा रही हैं और महिलाओं को योजनाओं की जानकारी वाले पर्चे भी बांटे जा रहे हैं। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी डुमरांव समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here