सीने में दर्द की शिकायत के बाद सदर अस्पताल ले जाया गया, इलाज के दौरान तोड़ा दम बक्सर खबर। केंद्रीय कारा में मंगलवार तड़के एक विचाराधीन कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कोरान सराय गांव निवासी 60 वर्षीय राजकुमार गोंड के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 3 बजे राजकुमार गोंड ने अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत की। स्थिति नाजुक देखते ही जेल प्रशासन उन्हें तत्काल जेल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने काफी प्रयास किए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। राजकुमार गोंड अपनी बेटी की हत्या के आरोप में 12 मई 2025 से केंद्रीय कारा में न्यायिक हिरासत में थे। उनके खिलाफ कोरान सराय थाना कांड संख्या 45/2025, धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज था। उसी मामले में उनका पुत्र भी वर्तमान में जेल में बंद है। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।































































































