-चालक समेत दो अन्य घायल, डुमरांव-बिक्रमगंज मार्ग पर हुई दुर्घटना
बक्सर खबर। यात्रियों को लेकर जा रहे ऑटो रिक्शा के ऊपर अचानक पेड़ आ गिरा। इस वजह से एक महिला यात्री की मौत हो गई। जिनका नाम कौशल्या देवी (46वर्ष) था। दुर्घटना रविवार की दोपहर कोरानसराय थाना के मुगांव गांव के समीप हुई। मृतक महिला नावानगर थाना के आथर गांव निवासी वीरेंद्र सिंह की पत्नी थी। सूचना के अनुसार दोपहर के वक्त वह अपने बहन से मिलने डुमरांव जा रहीं थी। तभी रास्ते में ऐसा अचानक हो गया।
ऑटो में सवार रिक्शा चालक व उसकी पत्नी भी घायल हुई है। लेकिन, वे खतरे से बाहर हैं। इस घटना के संदर्भ में पूछने पर कोरानसराय के थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया महिला को उपचार के लिए डुमरांव के अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया था। लेकिन, चिकित्सकों ने बताया उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी। परिजनों को इसकी सूचना दी गई। उन्होंने बताया वह चार बच्चों की मां थीं। उनकी बहन ललिता देवी तो डुमरांव के शफाखाना रोड में रहती हैं। उन्हीं से मिलने के लिए वह घर से निकली थीं।



































































































