-ऑटो रिक्शा चालक की भी मौत, परिवार पर टुटा दुखों का पहाड़
बक्सर खबर। राजपुर थाना के करैला गांव के समीप आज बुधवार की सुबह छह बजे के लगभग हुई सड़क दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। उनमें बक्सर जिले का अभिषेक कुमार (25 वर्ष) भी शामिल है। उसका शव जैसे ही वाराणसी से गांव लक्ष्मीपुर, थाना मुफस्सिल पहुंचा। लोगों ने बक्सर-चौसा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही मुफस्सिल की पुलिस पहुंची और सबको समझाकर मार्ग से हटाया।
उन्हें बताया गया, यह बड़ी दुर्घटना है। सभी मृतकों को आपदा के तहत उचित मुआवजा मिलेगा। इस दौरान बक्सर-चौसा पथ पर डेढ़ घंटे के लगभग परिचालन बाधित रहा। सूचना के अनुसार अभिषेक कुमार लक्ष्मीपुर गांव के रामाकांत राम का पुत्र था। सुबह ऑटो में सवारी लेकर तीयरा बाजार जा रहा था। तभी दुर्घटना हुई। सदर अस्पताल से जिन घायलों को सुबह वाराणसी रेफर किया गया था। उनमें 13 वर्ष का बालक निरंजन कुमार पिता हरिशंकर राम, ग्राम बघेलवा, थाना राजपुर भी शामिल है। उसने भी ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया।
जबकि दुर्घटना स्थल पर ही शुभनाथ रजक (55) ग्रम दैदहा, थाना दिनारा, जिला रोहतास की मौत हो गई थी। ऑटो में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। एक को छोड़कर सभी आठ घायल थे। इनमें से अभी तक तीन की मौत हो चुकी है। कुछ लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई हैं। पुलिस ने पूछने पर बताया जिस ट्रक ने ऑटो को सामने से टक्कर मारी थी। वह मौके से भागने में सफल रहा। उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।