———चालक फरार, ट्रैक्टर जब्त, ग्रामीणों में भारी आक्रोश बक्सर खबर। सिकरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत बसाव कला पंचायत के ठाकुरपुर–बसाव कला मार्ग पर शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुघर्टना में स्कूल पढ़ने जा रहे दो बच्चों को बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार ठाकुरपुर गांव निवासी राजेंद्र कुमार सिंह के 7 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार उर्फ बुलबुल और मिथलेश पाल के 8 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार पाल प्रतिदिन की तरह मध्य विद्यालय बसाव कला पढ़ने जा रहे थे। दोनों बच्चे जैसे ही ठाकुरपुर–बसाव कला मार्ग पर पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे दोनों बच्चे सड़क पर ही कुचल गए। हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों और स्कूल के शिक्षकों की मदद से दोनों बच्चों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद ऋतिक कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सुजीत कुमार की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। आक्रोशित ग्रामीणों ने तेज रफ्तार और अवैध बालू ढुलाई पर रोक लगाने की मांग करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपील की है। थानाध्यक्ष अंकुश कुमार ने पत्रकारों को बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
































































































