-घर वालों ने कहा गुरुवार को गया था किसी काम से गहमर
बक्सर खबर। कर्मनाशा नदी में रेलवे पुल के नीचे शनिवार की सुबह एक व्यक्ति का शव देखा गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुफस्सिल थाने को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त का प्रयास शुरू किया। पता चला चौसा नगर पंचायत के ही न्यायीपुर गांव का पुरुषोत्तम खरवार हो सकता है। वह गुरुवार से ही लापता है। पुलिस ने उसके परिवार वालों को सूचना भेजी। उन्होंने शव देखते ही पहचान लिया। यह पुरुषोत्तम (40) का ही शव है।
उसके पिता राजनरायण खरवार ने बताया कि 10 तारीख को किसी जरुरी काम से उत्तर प्रदेश के गहमर गया था। संभव है, रेलवे लाइन के रास्ते पैदल ही गांव वापस लौट रहा होगा। क्योंकि उसका गांव रेल पटरी से सटा हुआ है। वापस आने के दौरान कर्मनाशा पुल के पास नदी में गिर गया होगा। मौत की खबर पा उसका पूरा परिवार गमजदा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार वह अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। ईट भट्टे पर काम करता था। एक बार उसका पैर टूट गया था। लेकिन, उचित उपचार न होने के कारण वह एक पैर से लंगड़ा कर चलता था।

































































































