फाउंडेशन स्कूल में नन्हे वैज्ञानिकों ने मॉडल्स से दिखाया भविष्य का भारत

0
24

कक्षा 11वीं के छात्रों ने बनाया खुद का ऐप और कॉस्मेटिक्स, विज्ञान प्रदर्शनी में दिखी नवाचार की चमक                    बक्सर खबर। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर फाउंडेशन स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में नन्हे वैज्ञानिकों ने अपने मॉडलों के माध्यम से भविष्य के भारत की झलक प्रस्तुत की। विद्यालय में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा केंद्र होने के कारण कार्यक्रम का आयोजन जीडी मिश्रा इंस्टिट्यूट परिसर में किया गया, जहां छात्रों की प्रतिभा और रचनात्मकता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी में कक्षा 1 से 9 एवं 11 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राथमिक वर्ग के बच्चों ने सरल लेकिन प्रभावशाली मॉडलों के माध्यम से विज्ञान की बुनियादी अवधारणाओं को प्रस्तुत किया। अभिभावकों की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया। अपने बच्चों को पुरस्कार प्राप्त करते देख अभिभावक गर्व से अभिभूत नजर आए।

वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने विज्ञान और तकनीक पर आधारित कई अभिनव मॉडल प्रस्तुत किए। स्मार्ट सिटी, स्मार्ट डैम प्रणाली, स्मार्ट सड़क सुरक्षा मॉडल और स्मार्ट सिंचाई प्रणाली जैसे प्रोजेक्ट्स के माध्यम से छात्रों ने जल संरक्षण, यातायात प्रबंधन और सतत विकास की अवधारणा को रेखांकित किया। विशेष रूप से कक्षा 11वीं के छात्रों द्वारा तैयार किया गया स्वयं का मोबाइल ऐप प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण बना। छात्रों ने विज्ञान के व्यावहारिक उपयोग को दर्शाते हुए मॉइस्चराइजर और परफ्यूम जैसे कॉस्मेटिक्स का निर्माण भी किया, जो उनकी प्रयोगात्मक क्षमता और उद्यमशील सोच का परिचायक रहा। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित मॉडल भी प्रस्तुत किए। खाने योग्य चम्मच और बर्तनों का निर्माण कर प्लास्टिक प्रदूषण के विकल्प की दिशा में सकारात्मक संदेश दिया गया।

फोटो – विज्ञान प्रदर्शनी में अपने -अपने मॉडल को प्रदर्शित करते छात्र-छात्राएं

जैविकी विभाग के अंतर्गत विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में रक्त समूह, हीमोग्लोबिन और रक्तचाप की जांच कर स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया। इससे विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों को भी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई। विद्यालय के प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने कहा कि इस प्रकार की वैज्ञानिक गतिविधियां विद्यार्थियों में जिज्ञासा, अनुसंधान और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here