गोकुल जलाशय किनारे मिली अज्ञात युवती की लाश

0
598

 दो से चार दिन पुराना बताया जा रहा शव, हत्या की आशंका                                                                  बक्सर खबर। ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गाय घाट पुल से करीब 500 मीटर पश्चिम स्थित गोकुल जलाशय के किनारे मंगलवार की सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार रोज की तरह सुबह शौच के लिए निकले गाय घाट के कुछ ग्रामीणों की नजर झाड़ियों के पास पड़े शव पर गई। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह करीब 20–25 वर्ष की युवती का शव है। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया शव दो से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। शव पर किसी गहरे घाव या चोट के निशान स्पष्ट नहीं दिखे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां शव मिला है वह पूरी तरह से सुनसान इलाका है और रात के समय यहां कोई आवाजाही नहीं होती। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवती की हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका गया हो। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना पर मुहर नहीं लगाई है और मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है। फिलहाल शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाना पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here