जिलाधिकारी साहिला ने किया डिजिटल पत्रिका का लोकार्पण

0
176

नवाचार और संस्कारों से जुड़ेंगे जिले के शिक्षक और विद्यार्थी                                                                  बक्सर खबर। जिलाधिकारी के कार्यालय में बुधवार को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और सराहनीय पहल देखने को मिली। शिक्षा विभाग की मासिक ई-पत्रिका ‘बोधिका’ के प्रवेशांक का संयुक्त रूप से विमोचन जिलाधिकारी साहिला, अपर समाहर्ता अरुण कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप रंजन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्दन कुमार द्विवेदी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रजनीश उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि आज के डिजिटल युग में ई-पत्रिकाएं ज्ञान, अनुभव और सूचना के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम हैं। ‘बोधिका’ जैसे प्रयास शिक्षकों और विद्यार्थियों को नवाचार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे।

जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप रंजन ने कहा कि किसी पत्रिका का संपादन अपने आप में एक रचनात्मक कार्य है। बोधिका जिले के विद्यालयों में हो रही शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों का सजीव दर्पण बनेगी। वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्दन कुमार द्विवेदी ने जानकारी दी कि बिहार शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में प्रकाशित यह ई-पत्रिका जनवरी में अपने प्रवेशांक के साथ सामने आई है। उन्होंने बताया कि बोधिका जिले की पहली डिजिटल शैक्षिक ई-पत्रिका है, जिसका उद्देश्य शिक्षा को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित न रखकर उसे ज्ञान, नवाचार और संस्कार से जोड़ना है।‌ कार्यक्रम में पत्रिका के संपादन मंडल से जुड़े सभी सदस्यों की उपस्थिति रही। इनमें डॉ. नवनीत कुमार सिंह, सुरेन्द्र प्रसाद सिंह, रामभजन राम, विमल कुमार सिंह, मो. इमाम अली अंसारी, डॉ. मृत्युंजय राय, सुगंधा कुमारी, मोनिका कुमारी, विकास कुमार, सुभाष चौहान, राजेश कुमार राय, रवि शंकर गुप्ता, रवि प्रकाश, अजय कुमार सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here