चांदी का मुकुट, पायल, घंटे व इनवर्टर-बैटरी लेकर चोर हुए फरार बक्सर खबर। शहर के सेंट्रल जेल परिसर स्थित भगवान वामन मंदिर में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया। चोर भगवान वामन की प्रतिमा से चांदी का मुकुट और पायल उतार ले गए, साथ ही मंदिर में लगे पीतल के कई घंटे, इनवर्टर व बैटरी समेत अन्य सामान भी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मंदिर जेल परिसर के अंदर स्थित होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंदिर के पुजारी प्रतिदिन की भांति संध्या आरती के बाद अपने घर चले गए थे। देर रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुसे। पहले उन्होंने मंदिर में लगे पीतल के घंटों को निशाना बनाया, इसके बाद गर्भगृह में प्रवेश कर भगवान वामन की प्रतिमा से चांदी का मुकुट और पायल भी उतार लिए। सुबह जब पुजारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो अंदर का नजारा देख स्तब्ध रह गए। मंदिर में बिखरे सामान और गायब आभूषणों को देखकर उन्होंने तत्काल जेल प्रशासन को सूचना दी। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मंदिर की कुंडी ढीली थी, जिसका लाभ उठाकर चोर अंदर प्रवेश करने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस द्वारा छानबीन की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
































































































