मत्स्य पालन जागरुकता कार्यक्रम में 250 से अधिक किसान हुए शामिल बक्सर खबर। लालगंज स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में सोमवार को मत्स्य पालन एवं योजनाओं को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह ने की। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 250 से अधिक महिला एवं पुरुष किसान, मत्स्य पालक और एफपीओ प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड, हैदराबाद और बिहार सरकार के मत्स्य विभाग के तत्वावधान में किया गया। जिला मत्स्य पदाधिकारी मनीष कुमार कुंदन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ देवकरन ने मत्स्य आधारित समेकित कृषि प्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य अतिथि सांसद सुधाकर सिंह ने किसानों को मत्स्य पालन से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने केज फिशिंग को बढ़ावा देने, मत्स्य मंडी की स्थापना और न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारण की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड के लाभ गिनाते हुए ज्यादा से ज्यादा किसानों को इससे जुड़ने की सलाह दी। कार्यक्रम में उपस्थित मत्स्य पालकों ने भी अपने अनुभव साझा किए। धन्यवाद ज्ञापन उप निदेशक मत्स्य विभाग आभास चन्द्र मंडल ने किया जबकि मंच संचालन कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ रामकेवल ने किया।