-लोगों ने जताया गहरा दुख, आयुर्वेद जगत मर्माहत
बक्सर खबर। वैद्य डाक्टर श्याम बिहार मिश्रा नहीं रहे। रविवार को उन्होंने चरित्रवन मुहल्ले के मालवी नगर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनको जानने वालों ने बताया कि सुबह चार से पांच बजे के मध्य वे भगवान को प्यारे हो गए। बक्सर के मुक्तिधाम घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। डाक्टर मिश्रा का जन्म 10 अगस्त 1945 को हुआ था। बीएचयू से आयुर्वेद में एमडी की पढ़ाई की थी। पटना आयुर्वेद कॉलेज में प्रोफेसर भी रहे। लंबे समय से बक्सर में रहकर लोगों की अनवरत सेवा कर रहे थे। उन्हें अपने आवास का नाम ही वैद्य वाटिका रखा था।
पूरे घर में अनेक जड़ी-बुटियों के पौधे लगे हैं। उनके जेष्ठ पुत्र यहां साथ रह कर इसी पेशे से जुड़े हैं। उनके दूसरे पुत्र भी झारखंड में रहकर आयुर्वेद का कार्य करते हैं। डाक्टर साहब के अनेक शिष्य आयुर्वेद के क्षेत्र में सेवा प्रदान कर रहे हैं। इस दुखद खबर पर शोक प्रकट करने वालों में पूर्व भाजपा अध्यक्ष बबन उपाध्याय, डा दीनानाथ उपाध्याय, डा सुरेन्द्र पांडेय ( दोनों आयुर्वेद चिकित्सक ) आदि शामिल हैं। वहीं कल्याणी हर्बल ने भी उनके सम्मान में शोक सभा आयोजित करने का निर्णय लिया है।



































































































