पारंपरिक खेती छोड़ स्मार्ट फार्मिंग की ओर बढ़े किसान,18 सम्मानित

0
68

विधायक संतोष कुमार निराला ने प्रगतिशील किसानों के जज्बे को सराहा                                                      बक्सर खबर। खेती में आधुनिक कृषि यंत्रों और नवीन तकनीक को अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं, यह संदेश आत्मा द्वारा आयोजित दो दिवसीय किसान मेला-सह-उद्यान प्रदर्शनी में प्रमुखता से उभरा। राजपुर के विधायक संतोष कुमार निराला ने मेले का भ्रमण करते हुए कहा कि जिले के किसान अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर व्यवसायिक खेती की ओर कदम बढ़ा रहे हैं, जो जिले के लिए सकारात्मक संकेत है। मेले में फल, फूल और सब्जी सहित विभिन्न वर्गों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई थी। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 18 कृषकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। फल वर्ग में डॉ. ओमप्रकाश चौबे, मशरूम वर्ग में विकास कुमार, अनाज वर्ग में बसमतिया देवी, सब्जी वर्ग में कन्हैया कुमार, यूनिक उत्पाद वर्ग में विक्रमा राम तथा फूल वर्ग में डॉ. ब्रजबिहारी सिंह ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। सभी विजेताओं को विधायक संतोष कुमार निराला ने सम्मानित किया।

जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक आत्मा धर्मेन्द्र कुमार ने फसल अवशेष प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि पराली, तने और पत्तियों का सही उपयोग कर मिट्टी की उर्वरता बनाए रखी जा सकती है। उन्होंने हैप्पी सीडर, रोटावेटर, स्ट्रा बेलर, मल्चर जैसे आधुनिक यंत्रों की उपयोगिता बताई और बताया कि इन पर कृषि विभाग द्वारा आकर्षक अनुदान भी दिया जा रहा है। मेले में समेकित कृषि प्रणाली, ड्रिप इरिगेशन, शेड नेट, ड्रोन से कीटनाशी छिड़काव और पराली प्रबंधन के मॉडल किसानों को दिखाए गए। विधायक ने इन मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि इससे किसानों को नई तकनीक समझने में काफी मदद मिलती है। कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. देवकरण ने रबी फसलों के बेहतर प्रबंधन पर उपयोगी जानकारी दी। मेले में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्यपालन, मिट्टी जांच, सोलर और निजी कंपनियों के कई स्टॉल लगे, जहां किसानों ने उत्साहपूर्वक जानकारी ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here