संचार क्रांति के जनक को कार्यालय में पुष्पांजलि देकर कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि बक्सर खबर। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 34वीं पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस के निलंबित अध्यक्ष डॉ मनोज पांडेय ने कहा कि राजीव गांधी इस दशक के सबसे सशक्त नेताओं में से एक थे। आज भारत में संचार और डिजिटल क्रांति की जो तस्वीर दिख रही है, वह उन्हीं की देन है। उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायती राज को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, जिसके चलते आज गांव-गांव में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हुई हैं।
डॉ पांडेय ने कहा कि राजीव गांधी का बलिदान गरीबों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के लिए था। वे देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने और युवाओं को तकनीक से जोड़ने का सपना देखा। इस अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि डॉ प्रमोद ओझा ने कहा कि भारत का दुर्भाग्य था कि देश को कंप्यूटर क्रांति, नई शिक्षा नीति और वैश्विक मंच पर आगे बढ़ाने वाला नेता बहुत जल्द आतंकवाद का शिकार हो गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और पंचायती राज को ताकत देने में भी राजीव गांधी का योगदान अविस्मरणीय है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडेय, संजय कुमार पांडेय, त्रियोंगी नारायण मिश्र, संजय दुबे, पप्पू दुबे, भृगुनाथ तिवारी, अजय यादव, जय राम राम, त्रिलोकी नाथ मिश्रा, रामप्रसाद द्विवेदी, वीरेंद्र राम, दीपक तुरहा, बब्बन तुरहा और गुप्तेश्वर चौबे सहित अन्य कांग्रेसजनों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।