-भाजपा उपाध्यक्ष श्रीमन नारायण तिवारी के हैं बड़े भाई
बक्सर खबर। सदर प्रखंड के उप प्रमुख का चुनाव मंगलवार को निर्विरोध संपन्न हो गया। अनुमंडल पदाधिकारी धीरेन्द्र मिश्रा की देखरेख में यह कार्य संपन्न हुआ। उन्होंने निर्विरोध निर्वाचित हुए ओमप्रकाश तिवारी को प्रमाणपत्र प्रदान किया। सूचना के निर्वाचन के लिए बुलाई गई बैठक में कुल 17 सदस्य उपस्थित हुए। उन सभी ने बरुना पंचायत के पंचायत समिति सदस्य तिवारी को निर्विरोध उप प्रमुख चुन लिया।
सूचना के अनुसार इस दौरान पांच सदस्य बैठक में शामिल नहीं हुए। जो उपस्थित थे, उन सभी ने ध्वनि मत से इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति व्यक्त की। इसके उपरांत सभी सदस्य अनुमंडल कार्यालय से सदर प्रखंड कार्यालय पहुंचे। वहां प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिल नए उप प्रमुख ने व्यवहारिक मुलाकात की। ओम प्रकाश तिवारी बसौली गांव के रहने वाले हैं।

उनके छोटे भाई श्रीमन नारायण तिवारी भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हैं। इस पूरी चयन प्रक्रिया के दौरान सदर प्रखंड की राजनीति को प्रभावित करने वाले मटरू राय भी उपस्थित रहे। पिछले तीन चुनाव से वे ही सदर प्रखंड में अपनी राजनीतिक शक्ति प्रदर्शित करते रहे हैं। उप प्रमुख के चुनाव में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान प्रखंड प्रमुख फुलमातों देवी भी उपस्थित रहीं।
































































































