-पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
बक्सर खबर। नगर थाना से शराब तस्करी का आरोपी भाग निकला। घटना शनिवार सुबह आठ बजे की है। यह बात पुलिस ने अपने रिकॉर्ड में दर्ज की है। सूचना के अनुसार शौच का बहाना बनाकर वह हाजत से बाहर निकला। उस समय ओडी ड्यूटी में राम बहादुर थापा क्षेत्री थे। उन्होंने इसकी सूचना अपने अधिकारियों को दी। पुलिस की हिरासत से भागने वाला शराब तस्कर कुर्बान अंसारी शहर के कोइरपुरवा मोहल्ले का निवासी है। नगर थाने की टीम ने शुक्रवार की शाम सवा सात बजे के लगभग उसे कोइरपुरवा इलाके से ही तीन केन बीयर के साथ गिरफ्तार किया था।
रात के वक्त उसे हाजत में लाकर बंद किया गया। इसकी प्राथमिकी दर्ज हुई। लेकिन, सुबह शौच का बहाना बनाकर वह हाजत से बाहर आया और फरार हो गया। इसकी शिकायत करने वाले ओडी अफसर ने कहा है, आठ बजे मैंने ड्यूटी संभाली ही थी। उसी समय वह हल्ला मचाने लगा। कोई संतरी भी ड्यूटी पर नहीं था। उसे बाहर निकाला गया। इसी दौरान काफी संख्या में लोग आ गए। भीड़ का लाभ उठा वह भागने में सफल रहा। हालांकि इस तरह की घटना पांच जून को नगर थाने में हुई थी। सूरज गुप्ता तब थाने से भागा था। जो 21 दिन बाद गिरफ्तार हुआ था।
उस समय भी यहीं कारण बताया गया था। शौच के लिए बंदी को बाहर निकाला गया। भीड़ का लाभ उठाकर वह भाग निकला। लेकिन, यहां मजे की बात यह है कि सुबह आठ बजे ही भीड़ थाने में अचानक कहां से आ गई। हालांकि पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। सूत्रों ने बताया कुर्बान अंसारी शराब के धंधे का पुराना कोराबारी है। इस संदर्भ में पत्रकारों ने जब डीएसपी धीरज कुमार से पूछा तो उन्होंने इसकी तस्दीक की।