संघर्षों को मात देकर भारतीय वॉलीबॉल के फलक पर चमके विशाल कुशवाहा

0
405

पिता उगाते हैं सब्जी, बेटे ने खेल के मैदान में उगाई कामयाबी की फसल                                                बक्सर खबर। चौसा प्रखंड के प्रतिभाशाली वॉलीबॉल खिलाड़ी विशाल कुशवाहा ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए पटना टीम से उनका चयन होते ही चौसा समेत आसपास के इलाकों में खुशी और गर्व का माहौल बन गया है। विशाल की खास बात यह है कि उन्होंने खेल की शुरुआत बिल्कुल जमीनी स्तर से की। चौसा आदर्श उच्च विद्यालय से पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने वॉलीबॉल में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। स्कूल और गांव स्तर की प्रतियोगिताओं से निकलकर जिला, फिर राज्य स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए अब उन्हें राष्ट्रीय मंच पर खेलने का मौका मिला है। नेशनल टीम में चयन के बाद जब विशाल अपने गृह क्षेत्र चौसा लौटे तो गांव में उत्सव जैसा नजारा देखने को मिला।

ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और तालियों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर बिहार सरकार के राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार ने विशाल को सम्मानित करते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास ही उनकी सफलता की असली कुंजी है। बताया जाता है कि विशाल एक साधारण गृहस्थ परिवार से आते हैं। उनके पिता सोना सिंह कुशवाहा सब्जी की खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विशाल ने कभी अपने सपनों से समझौता नहीं किया और खेल के प्रति जुनून बनाए रखा। स्वागत समारोह में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शैलेश कुशवाहा, मोनू चंद्रवंशी, छोटक चौधरी, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मुस्तफा, शिवजी कुशवाहा, सूरज कुमार, मनीष यादव, रंजन कुमार, सुमंत कुशवाहा, अतुल कुमार, सुहैल खान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here