विद्यालय के पीछे मिला शव, दुर्गंध से खुला राज, हत्या की आशंका बक्सर खबर। जिले के चक्की थाना क्षेत्र अंतर्गत चुनी डेरा में शनिवार को एक 18 वर्षीय युवती का शव बोरी में बंद अवस्था में बरामद किया गया। मृतका की पहचान बरमेश्वर यादव की पुत्री सुनीता कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों के अनुसार, सुनीता बीते सोमवार की शाम से ही संदिग्ध परिस्थिति में घर से लापता थी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार का आरोप है कि अज्ञात अपराधियों ने उसका अपहरण कर लिया था। घटना का खुलासा तब हुआ जब गांव के प्राथमिक विद्यालय के पीछे खर-पतवार के बीच एक बोरी से तेज दुर्गंध आने लगी।
विद्यालय के शिक्षकों की नजर जब संदिग्ध बोरी पर पड़ी तो उन्होंने जांच की। बोरी खोलते ही अंदर युवती का शव देख वे सन्न रह गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डुमरांव डीएसपी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुनीता की शादी तय हो चुकी थी। वह तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उसके पिता बरमेश्वर यादव आसनसोल में रहकर दूध व्यवसाय करते हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल अपहरण, हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की अपील की है।































































































