-भाई की पैरवी में पहुंचा था बक्सर, नकली पहचान पत्र बरामद
बक्सर खबर। जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) की बहाली के लिए दौड़ प्रतियोगिता चल रही है। इसी कड़ी में भाई की पैरवी के लिए एक फर्जी दरोगा यहां पहुंच गया। पुलिस ने उसके फर्जीवाड़े को पकड़ लिया और उसे हिरासत में ले लिया गया। यह वाकया शुक्रवार का है। मुफस्सिल पुलिस के अनुसार इस आरोप में जिस युवक को हिरासत में लिया गया है। उसका नाम ध्यानचंद अली है। वह मूल रूप से नावानगर थाना के शिवपुर केसठ का रहने वाला है।
इस संबंध में पूछने पर सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को होमगार्ड चयन के लिए उसका भाई दौड़ में शामिल होने आया था। उसी को लाभ पहुंचाने के लिए यह पुलिस लाइन में प्रवेश की जुगत लगा था। खुद को भोजपुर जिले का साइबर थाना दरोगा बता रहा था। जब उसकी गड़बड़ी पकड़ी गई तो वहां से चंपत हो गया। लेकिन, पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान पास से पुलिस का फर्जी पहचान पत्र भी मिला है। उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी युवक को शनिवार के दिन न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। लेकिन, उसे जमानत मिल गई।