-डुमरांव के जनता दरबार में पहुंचे 150 मामले
बक्सर खबर। जिलाधिकारी का जनता दरबार शुक्रवार को डुमरांव प्रखंड मुख्यालय पर लगा था। इस दौरान जिलाधिकारी अमन समीर की संवेदना देखने को मिली। एक दिव्यांग अधेड़ ट्राई साइकिल पर बैठकर आवेदन देने पहुंचे। उनकी मजबूरी देख वे स्वयं वहां पहुंच गए। हुआ कुछ यूं की डुमरांव के बीडीओ बारी-बारी से आवेदकों का नाम पुकार रहे थे। इसी दौरान अधेड़ शंकरलाल सिंह, ग्राम बड़का ढ़काइच के नाम की घोषणा की। वे भीड़ में धीरे-धीरे अपनी ट्राइसाइकिल से आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। उनकी हालत देख जिलाधिकारी स्वयं उनके पास पहुंच गए।
आवेदक ने बताया हम शरीर से वृद्ध हो चले हैं, अभी तक बैटरी वाली साइकिल नहीं मिली न ही उन्हें पेंशन का ही उचित लाभ मिल रहा है। जबकि वे दिव्यांग हैं। डीएम के पीछे-पीछे डुमरांव के एसडीओ कुमार पंकज व अन्य अधिकारी भी पहुंचे। डीएम संबंधित पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। उनके इस कदम की जनता दरबार में मौजूद लोग सराहना कर रहे थे। हम आपको बता दें। जिलाधिकारी ने तय किया है, अब उनका साप्ताहिक जनता दरबार अधिकांश प्रखंड मुख्यालयों पर लगेगा।

इसके तहत अगला जनता दरबार 15 जुलाई को चौसा प्रखंड मुख्यालय पर लगेगा। वहीं जिला जनसंपर्क विभाग ने सूचना जारी कर बताया है। 8 जुलाई के जनता दरबार में कुल 150 लोगों ने आवेदन सौंपे। जिनमें सर्वाधिक 71 भूमि सुधार विभाग से जुड़े हैं। सुनवाई प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सभी विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगे थे। मौके पर ही 29 मामलों का समाधान कर दिया गया। इस दौरान जनता दरबार में अपर समाहर्ता प्रीतेश्वर प्रसाद, सिविल सर्जन बक्सर, एसडीएम डुमरांव, एसडीपीओ, जिला भू अर्जन पदाधिकारी बक्सर एवं अन्य विभागों से संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


































































































