लकड़ी से लेकर कर्मकांड तक की राशि होगी तय, एक ही काउंटर से कटेगी अंतिम संस्कार की पर्ची, नगर परिषद खरीदेगी लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस और शव वाहन बक्सर खबर। नगर परिषद कार्यालय के सभागार में शनिवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक सभापति कमरून निशा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आगामी बजट में नई योजनाओं को शामिल करने पर विचार-विमर्श करते हुए दो लाइफ सपोर्ट सिस्टम एम्बुलेंस तथा डी-फ्रीजर युक्त शव वाहन की व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक के उपरांत सभापति, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य एवं संबंधित पदाधिकारी श्मशान घाट पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्मशान घाट की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया। कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अन्त्येष्टि से संबंधित सभी प्रकार की पर्ची एक ही स्थान से काटे जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को इधर-उधर भटकना न पड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद की ओर से ऐसी योजना तैयार की गई है, जिससे शवों की अन्त्येष्टि के लिए आने वाले परिजनों को राहत मिल सके। वर्तमान में श्मशान घाट पर लकड़ी, चंदन, गोइठा, तिल, कराल आदि की खरीदारी के दौरान परिजनों को दुकानदारों की मनमानी का सामना करना पड़ता है। वहीं मुखाग्नि व अन्य कर्मकांड के समय डोमराजा, फक्कड़ और पंडितों द्वारा अतिरिक्त राशि की मांग से भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। नगर परिषद अब इन सभी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए एक समेकित व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। निरीक्षण के बाद यह निर्णय लिया गया कि श्मशान घाट पर अन्त्येष्टि से जुड़ी सभी सामग्रियों एवं कर्मकांड के खर्च के लिए न्यूनतम राशि निर्धारित कर एक ही स्थान से पर्ची काटी जाएगी। इससे घाट पर होने वाली मोलभाव और अनावश्यक विवाद की स्थिति समाप्त होगी।
बैठक में श्मशान घाट को बनारस के मणिकर्णिका घाट की तर्ज पर विकसित करने पर भी चर्चा हुई। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत घाट परिसर को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाया जाएगा, ताकि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिजनों को गरिमामय वातावरण मिल सके। मौके पर नगर परिषद की सभापति कमरून निशा, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, राजू राय, मनोज गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक, स्वच्छता पदाधिकारी रवि कुमार सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी, सहायक कर दारोगा नरसिंह चौबे तथा संतोष केसरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
































































































