बक्सर खबर : जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह व युवा जदयू के अध्यक्ष संजय सिंह बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। इन नेताओं ने मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के समक्ष पार्टी की सदस्यता दुबारा ग्रहण की थी। बुधवार की दोपहर जब वे बक्सर पहुंचे तो स्टेशन पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार ढंग से स्वागत किया। अशोक सिंह जिंदाबाद के नारों के बीच कई पुराने कार्यकर्ता भी उन्हें लेने स्टेशन पहुंचे। जिसको भी सूचना मिली। उसने फोन पर अशोक सिंह को बधाई दी। अशोक सिंह ने कहा कि वे जदयू के पुराने कार्यकर्ता हैं। पार्टी उनकी रग-रग में बसी है। जब दल से अलग भी हुए तो किसी पार्टी के साथ नहीं गए। निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में मैदान में रहे। वहीं दूसरी तरफ उनके चाहने वालों ने वापसी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह को बधाई दी है। युवा नेता रिंकू पांडेय ने कहा कि जदयू जिले में अपनी नयी पहचान बनाएगी। अशोक सिंह जमीनी कार्यकर्ता हैं। उनके साथ पार्टी वर्कर का सपोर्ट है।































































































