-चक्की प्रखंड के महाजी डेरा गांव में हुई दुर्घटना, डीएम ने दिया आश्वासन
बक्सर खबर। बाढ़ के पानी में डूबने से सोमवार की सुबह युवक की मौत हो गई। मृतक गणेश शर्मा उर्फ बिट्टू शर्मा (22) ब्रह्मपुर थाना के महाजी डेरा गांव का रहने वाला था। ग्रामीणों से मिली सूचना के अनुसार सुबह आठ बजे के लगभग वह कोईलवर तटबंध की तरफ जा रहा था। तभी पैर फिसलने से वह बाढ़ के पानी में समा गया। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसका शव निकाला। स्थानीय लोगों ने बताया तटबंध के पास उसकी दुकान है। वह उसी तरफ जा रहा था। शव की तलाश के लिए लोगों ने प्रशासन से मदद लेनी चाही।
लेकिन, बार-बार फोन के बाद भी अंचल अधिकारी अथवा किसी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया। इसको लेकर लोग आक्रोशित थे। यह गांव जवही पंचायत के अंतर्गत आता है। यहां के मुखिया ओमप्रकाश यादव ने कहा, हमें कई मर्तबा प्रशासनिक अधिकारियों को फोन किया। लेकिन, किसी ने तत्परता नहीं दिखाई। मौके पर पहुंचे जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी के प्रतिनिधि परमा यादव ने जिलाधिकारी विद्यानंद सिंह से फोन पर बात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस कार्रवाई मुकम्मल होने के बाद तीन दिनों के अंदर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों का कहना था। इस इलाके में बाढ़ का पानी पहुंचा हुआ है। प्रशासन को इस तरफ ध्यान देना चाहिए। मदद के लिए टीम तैनात होनी चाहिए।