-आरा-मोहनिया मार्ग पर हुई दुर्घटना, वाहन जब्त
बक्सर खबर। दोपहर के वक्त स्कूल से घर लौट रही दो छात्राओं को अनियंत्रित हुए ट्रेलर ने टक्कर मार दी। दोनों को उपचार के लिए पास के अस्पताल में दाखिल कराया गया। एक की हालत बहुत नाजुक थी। उसे पटना रेफर किया गया। लेकिन, रास्ते में ही सुमन कुमारी (13) ने दम तोड़ दिया। यह बच्ची सुनील यादव की पुत्री थी। वह केसरी टोला, थाना धनगाई, जिला रोहतास के निवासी हैं।
ग्रामीण सूत्रों ने बताया यह छोटा गांव सोनवर्षा ओपी के टिकपोखर गांव के समीप स्थित है। उस गांव के बच्चे मध्य विद्यालय टिकपोखर में पढ़ने आते हैं। शनिवार की दोपहर वहीं से छात्र दोपहर में छुट्टी होने के उपरांत लौट रहे थे। तभी अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। और खुद सड़क किनारे चाट में लुढ़क गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। घटना की पुष्टि सोनवर्षा के थानाध्यक्ष नवीन ने की है। दूसरी घायल बच्ची के बारे में वे पूरी जानकारी नहीं दे सके।