ड्रोन हमले में शहीद सुनील सिंह की पत्नी को मिली 50 लाख का सहायता

0
2024

—-ऑपरेशन सिंदूर में घायल हुए थे नरबतपुर के वीर सपूत                                                                  बक्सर खबर। चौसा नगर पंचायत के नरबतपुर गांव के शहीद हवलदार सुनील सिंह यादव की पत्नी सुजाता कुमारी को सोमवार को बिहार सरकार द्वारा जारी 50 लाख रुपये की सहायता का चेक सौंपा गया। यह चेक कैप्टन सतीश चंद्र पांडेय, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी और उद्धव मिश्रा, प्रभारी अंचल अधिकारी, चौसा द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। इस अवसर पर शशिकांत कुमार (राजस्व कर्मचारी, चौसा), हृदयनारायण सिंह (वार्ड पार्षद), सूबेदार जयकुमार चौबे (जिला सैनिक कार्यालय, बक्सर), एक्स-सूबेदार इन्द्रमोहन झा (जिला सैनिक निक कार्यालय, बक्सर), सूबेदार मेजर ओमप्रकाश तिवारी (चौसा) एवं परशुराम वर्मा (जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, बक्सर) सहित कई सम्मानित लोग मौजूद रहे।

बताते चलें कि हवलदार सुनील सिंह यादव 9 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की ओर से किए गए ड्रोन हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान 6 जून को उन्होंने अंतिम सांस ली। वे वर्षों से भारतीय सेना में सेवा दे रहे थे और देशभक्ति उनकी रग-रग में बसी थी। 8 जून को उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद सुनील सिंह अमर रहें’ के नारों से आसमान गूंज उठा। आसपास के गांवों से हजारों लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here