आत्मा का किसान मेला बना किसानों के लिए सीख का मैदान

0
28

नई तकनीक, योजनाएं और लाइव डेमो ने बढ़ाया किसानों का भरोसा                                                              बक्सर खबर। खेती को मुनाफे का जरिया बनाने और किसानों को नई तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण की ओर से दो दिवसीय किसान मेला-सह-उद्यान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेला का उद्घाटन डीडीसी निहारिका छवि, सदर एसडीएम अविनाश कुमार एवं डीएओ धर्मेन्द्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंच संचालन अमान अहमद एवं मृत्युंजय मिश्रा ने किया। किसानों को संबोधित करते हुए डीडीसी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ कृषि है और किसानों की मेहनत से ही यह मजबूत होती है। आत्मा द्वारा आयोजित यह किसान मेला किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने प्रदर्शनी में लगे कृषि एवं इससे जुड़े विभागों के स्टॉलों का भ्रमण कर किसानों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।

सदर एसडीएम ने कहा कि किसान मेला खेती से जुड़ी उपयोगी जानकारियों का समृद्ध स्रोत है। यहां से मिली जानकारी को अपनाकर किसान उत्पादन और उत्पादकता दोनों बढ़ा सकते हैं। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य कृषि और इससे संबंधित विभागों को एक मंच पर लाकर किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाना है। किसानों का मनोबल बढ़ाने के लिए फल, फूल और सब्जी की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें उत्कृष्ट किसानों को पुरस्कृत किया जाएगा। मेले में समेकित कृषि प्रणाली मॉडल, ड्रिप इरिगेशन, शेड नेट, ड्रोन से कीटनाशी छिड़काव, पराली प्रबंधन जैसे विषयों पर लाइव डेमो आकर्षण का केंद्र रहे। कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. देवकरण और प्लांट ब्रीडिंग विशेषज्ञ हरिगोविंद जायसवाल ने रबी फसलों के बेहतर प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी। मत्स्य, पशुपालन और उद्यान विभाग के अधिकारियों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं से किसानों को अवगत कराया। आत्मा द्वारा आयोजित यह किसान मेला 21 दिसंबर को भी जारी रहेगा, जिसमें प्रदर्शनी में भाग लेने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here