-बुधवार से कम हो सकता है पानी, फिलहाल 60.71 मीटर पर है उच्चतम स्तर
बक्सर खबर। बक्सर में गंगा का विकराल रूप देखने को मिल रहा है। दोनों पाट सपाट हो गए हैं। पानी खतरे के निशान के ऊपर बह रहा है। सोमवार की दोपहर बारह बजे के लगभग पानी का उच्चतम स्तर 60.71 मीटर आंका गया। जो खतरे से निशान से 39 सेंटीमीटर उपर है। केन्द्रीय जल आयोग के कर्मियों ने पूछने पर शाम सात बजे बताया पांच घंटे से पानी स्थिर है। इसमें फिलहाल कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। यह राहत के संकेत हो सकते हैं। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है। मंगलवार की देर शाम अथवा बुधवार से पानी कम हो सकता है। क्योंकि प्रयागराज में भी पानी ठहरने की सूचना है।
जब वहां पानी कम होना प्रारंभ होगा। उसके 30-35 घंटे बाद बक्सर में भी पानी उतरने लगता है। इस संभावना से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। लेकिन, अभी खतरे के निशान पर पानी होने की वजह से गंगा की सहायक नदियों में भारी दबाव बना हुआ है। उनसे होकर पानी खेतों और मैदानी इलाकों में फैल रहा है। दियरा के कई गांव इससे प्रभावित हैं। ठोरा की वजह से कमपरपुर, पुलियां से लेकर हरिपुर व निरंजनपुर तक हालात गंभीर बने हुए हैं। चौसा-रामगढ़ पथ पर भी पानी बह रहा है। प्रशासन ने रविवार को सूचना दी थी। नौ जगह नाव का इंतजाम किया गया है। लेकिन, यह सारे प्रयास नाकाफी हैं। जब तक पानी खतरे के निशान ने नीचे नहीं उतरेगा। यही स्थिति बनी रहेगी।


































































































