डेढ़ माह से लापता 17 वर्षीय युवती के मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग, राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल बक्सर खबर। विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सुप्रीमो मुकेश सहनी गुरुवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस कप्तान शुभम आर्य से मुलाकात कर मुफस्सिल थाना क्षेत्र से अपहृत 17 वर्षीय किशोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। एसपी कार्यालय से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुकेश सहनी ने बताया कि डेढ़ माह पूर्व एक 17 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया गया था। पीड़ित परिवार से कथित तौर पर पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में चार-पांच दिन पहले संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। साहनी ने आरोप लगाया कि कुछ पुलिस पदाधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लेने के कारण प्राथमिकी दर्ज करने में विलंब हुआ। हालांकि, उन्होंने बताया कि एसपी शुभम आर्य से विस्तृत बातचीत हुई है और पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए युवती की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान मुकेश सहनी ने कहा कि वे इन दिनों पूरे बिहार का दौरा कर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से संवाद करने में जुटे हैं। इसी क्रम में एक विशेष कार्यक्रम के तहत वे बक्सर पहुंचे थे। पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 और 2015 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में कानून-व्यवस्था बेहतर थी, लेकिन समय के साथ स्थिति बिगड़ती जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री की उम्र को लेकर भी तंज कसते हुए कहा कि जिस उम्र में लोग सेवानिवृत्ति लेते हैं, उस उम्र में वे अब भी बिहार की कमान संभाले हुए हैं। साहनी ने यह भी आरोप लगाया कि हालिया विधानसभा चुनाव से पूर्व सरकारी खजाने से बड़ी राशि निकालकर महिलाओं और युवाओं के बीच आर्थिक सहायता वितरित की गई, जिसका असर चुनाव परिणामों पर पड़ा। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन को पहले की तुलना में अधिक मत प्राप्त हुए। मौके पर पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
































































































