भिखारी ठाकुर की जयंती पर उठा भारतरत्न का स्वर

0
25

कर्पूरी ठाकुर स्मृति न्यास ने दी श्रद्धांजलि, कहा दूसरी मांग तक जारी रहेगा संघर्ष                                              बक्सर खबर। जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति न्यास की ओर से गुरुवार को शहर के श्वेत नगर स्थित कार्यालय में भोजपुरी के शेक्सपियर कहे जाने वाले महान लोक कलाकार भिखारी ठाकुर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर न्यास के सदस्यों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक व सांस्कृतिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यास के वरिष्ठ सदस्य राम इकबाल ठाकुर ने कहा कि जिस प्रकार केंद्र सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारतरत्न देकर नाई समाज सहित पूरे बिहार का मान-सम्मान बढ़ाया है, उसी तरह लोक कलाकार भिखारी ठाकुर को भी भारतरत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भिखारी ठाकुर केवल एक कलाकार नहीं थे, बल्कि समाज सुधारक थे, जिन्होंने अपने नाटकों और गीतों के माध्यम से जाति, गरीबी, नारी सम्मान और सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया।

राम इकबाल ठाकुर ने जोर देकर कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति न्यास लंबे समय से दोनों महान विभूतियों को भारतरत्न देने की मांग करता आ रहा है। एक मांग पूरी हो चुकी है, लेकिन दूसरी मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सरकार इस ऐतिहासिक मांग पर जरूर सकारात्मक निर्णय लेगी। कार्यक्रम में मौजूद अन्य वक्ताओं में दीनानाथ ठाकुर, जगदीश ठाकुर, हृदय नारायण ठाकुर, मोहित ठाकुर और विकास ठाकुर ने भी भिखारी ठाकुर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि भिखारी ठाकुर ने भोजपुरी भाषा और लोक-संस्कृति को विश्व पटल पर पहचान दिलाई और आज भी उनकी रचनाएं समाज को दिशा देने का काम कर रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here