प्रदेश कार्यालय में सौंपी गई सक्रिय सदस्यों की सूची बक्सर खबर। राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह के नेतृत्व में जिला संगठन प्रभारी एवं बिहार विधान परिषद सदस्य अशोक कुमार पाण्डेय, डुमरांव विधानसभा प्रभारी श्रीकांत सिंह यादव, राजपुर विधानसभा प्रभारी एवं प्रदेश झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ अध्यक्ष संतोष कुमार भारती, बक्सर विधानसभा प्रभारी एवं जिला प्रधान महासचिव धनपति चौधरी तथा वरिष्ठ नेता जवाहरलाल पासवान की संयुक्त उपस्थिति में सदस्यता अभियान के सक्रिय सदस्यों की सूची शुक्रवार को पटना स्थित बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में सौंपी गई।
राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बीते चार महीनों से चल रहे सदस्यता अभियान के अंतर्गत बक्सर जिले को जो लक्ष्य दिया गया था, उसे शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। प्रदेश नेतृत्व की ओर से प्रमंडलीय प्रभारी प्रमोद कुमार राम को यह सूची सौंपी गई। जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी और हर हाल में सरकार बनाने का संकल्प लेकर कार्य करेगी।राष्ट्रीय जनता दल ने नीचे से ऊपर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति बनाई है। सदस्यता अभियान के सफल समापन के बाद अब पार्टी जनता के बीच जाकर अपनी नीतियों और योजनाओं को प्रचारित करेगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को और मजबूती दी जा रही है, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया जा सके।

































































































