-जमीन के झगड़े में केस हारने के बाद पड़ोसी ने दिया वारदात को अंजाम
बक्सर खबर। मुस्सिल थाना के महदह में 23 जुलाई की रात मनोज यादव की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस घटना का खुलासा कर लिया है। एसपी मनीष कुमार ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। हत्यारोपी विनय यादव महदह का ही निवासी है। जिसे बुधवार को मुफस्सिल थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। एसपी ने कहा पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। मनोज व विनोद दोनों पड़ोसी थे। इनके मध्य भूमि विवाद था। जिसमें विनोद केस हार गया। इसके बाद मनोज उसे ताने देने लगा।
बदले की नियत से उसने एक रात जब वह बाहर सोया था। अपने घर से सीमेंट का बना एक छोटा खंभा लाया और उसके उपर दे मारा। 24 की तड़के जब महिलाएं शौच के लिए घर से बाहर आई तो उन्होंने खून से लथपथ मनोज को देखा। उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही विनोद फरार था। तकनीक के आधार पर पुलिस ने ऐसा करने वाले की शिनाख्त की। लेकिन, वह गांव छोड़कर फरार हो गया था।
कुछ दिनों तक यूपी में छिपा रहा। उसके पीछे सदर डीएसपी धीरज कुमार व मुफस्सिल के थानाध्यक्ष अरविंद कुमार व डीआईयू की टीम लगी हुई थी। अंतत: उक्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया प्राथमिकी अज्ञात के खिलाफ दर्ज थी। इस लिए आरोपी की गिरफ्तारी चुनौती थी। पूछताछ में यह भी पता चला है कि इस घटना को उसने अकेले ही अंजाम दिया था। इसमें कोई अन्य शामिल नहीं था।


































































































