बेंगलुरु में आयोजित होने वाली SGFI नेशनल चैंपियनशिप में संभालेंगे कमान बक्सर खबर। कर्नाटक के बैंगलुरू शहर में आयोजित 7 दिवसीय स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में इस बार बक्सर की दमदार मौजूदगी दर्ज होगी। चौसा के युवा खेल प्रशिक्षक ज्योति प्रकाश को बिहार अंडर-19 गर्ल्स बॉक्सिंग टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है। उनके चयन से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। सामान्य परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाने वाले ज्योति प्रकाश ने लगातार मेहनत और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। इससे पूर्व भी वे कई बार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बक्सर और बिहार का नाम रोशन कर चुके हैं। अब राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बिहार की बालिका टीम का नेतृत्व कर वे जिले के लिए गौरव का नया अध्याय लिखने जा रहे हैं।
चौसा बाजार के एक साधारण परिवार से आने वाले ज्योति प्रकाश ने सीमित संसाधनों के बावजूद बॉक्सिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। खिलाड़ियों को तकनीकी दक्षता, अनुशासन और आत्मविश्वास से लैस करने में उनकी खास पहचान रही है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि उनके मार्गदर्शन में बिहार की टीम इस प्रतियोगिता में मजबूत प्रदर्शन कर सकती है। ज्योति प्रकाश की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है। बधाई देने वालों में मुखिया रोहित ओझा, एबीवीपी जिला संयोजक अविनाश पांडेय, अभिनन्दन मिश्रा, मनीष कुमार, शुभम कुमार, खंड कार्यवाह संतोष ओझा, अरुण मिश्रा, हरेंद्र जी, विकास मिश्रा, गौरव कुमार, अविनाश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे।






























































































