-चेतावनी सीमा अभी चार मीटर दूर है, सजग रहें तटवर्ती इलाके के लोग
बक्सर खबर। गंगा के जलस्तर में तेजी देखी जा रही है। पिछले तीन-चार दिनों से पानी बढ़ने का सिलसिला जारी था। लेकिन, शनिवार को इसकी रफ्तार प्रति घंटे चार सेंटीमीटर हो गई है। जबकि दो दिन पहले बढ़ने की गति दो सेंटीमीटर थी। शनिवार की शाम जिले में पानी का उच्चतम जलस्तर 55.16 मीटर आंका गया। केन्द्रीय जल आयोग के कर्मियों ने बताया कि बक्सर में चेतावनी बिंदु 59.32 मीटर है। अभी पानी उससे चार मीटर दूर है।
लेकिन, जो गति है अगर वह बनी रही तो तीन से चार दिनों में पानी चेतावनी बिंदु तक पहुंच जाएगा। उससे एक मीटर ऊपर खतरे का निशान है। हालांकि अभी खतरे की कोई बात नहीं। लेकिन, जो लोग गंगा के तटीय इलाको में रहते हैं। वे अभी से जग हो जाए तो बेहतर है। घर में सूखा भोजन, आवश्यक दवाएं, माचिस, मोमबत्ती वगैरह सहेज कर रखें। क्योंकि इसकी जरूरत कभी भी पड़ सकती है। भले ही अपने प्रदेश में बारिश नहीं हो रही। लेकिन, देश के दूसरे राज्यों में हुई बारिश का पानी नीचे गंगा में दबाव बढ़ा रहा है। इस वजह से सचेत रहना जरूरी है।
































































































