बक्सर खबर। परदेश से यहां कमाने आए गरीब व्यक्ति की जान आज रविवार की सुबह ट्रक वाले ने ले ली। दुर्घटना आज सुबह एनएच 84 पर प्रतापसागर गांव के समीप हुई। साइकिल से वह बक्सर की तरफ आ रहा था। दूसरी दिशा से ट्रक पुराना भोजपुर की तरफ जा रहा था। घटना स्थल के पास ट्रक के धक्के से वह गिरा। इतने में पिछला पहिया उसके सर से गुजर गया। जिसके कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही नया भोजपुर ओपी की पुलिस वहां पहुंची। उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा था। तभी एक युवक पहुंचा। उसने अपना नाम मंटू बताया। उसने कहा कि यह मेरे चाचा हैं। जिनका नाम सकरूद्दीन शेख है। हम लोग पश्चिम बंगाल के जिला मुर्शिदाबाद, थाना भरतपुर, गांव हरीशचन्द्रपुर के निवासी हैं। यहां पुराना भोजपुर के मदन यादव के घर में किराए पर रहते थे। साइकिल से फेरी का काम करते थे। लेकिन, ऐसी दुर्घटना हो गई। पहचान हो जाने के बाद ओपी प्रभारी ऋषिकेश कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।































































































