नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाओं की झड़ी, कार्यकर्ताओं में उत्साह बक्सर खबर। भारतीय जनता पार्टी में संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार नए चेहरों को अहम जिम्मेदारी दी जा रही है। इसी कड़ी में भाजपा सोशल मीडिया के जिला संयोजक की जिम्मेदारी युवा नेता हेमन्त कुमार को सौंपी गई है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद हेमन्त कुमार ने संगठन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की नीतियों और योजनाओं को युवाओं तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने बिहार भाजपा के प्रदेश नेतृत्व और जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन का विशेष धन्यवाद किया और भरोसा दिलाया कि संगठन ने जो विश्वास जताया है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का सोशल मीडिया हमेशा राष्ट्रहित और समाजहित में काम करता आया है और आगे भी संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने का काम जारी रहेगा। उनकी नियुक्ति के बाद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि हेमन्त कुमार लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं और सोशल मीडिया के क्षेत्र में उनकी कार्यशैली ने भाजपा को मजबूती देने में अहम योगदान दिया है। अब उनके नेतृत्व से जिले का सोशल मीडिया और सशक्त होगा।