इंजीनियरिंग कॉलेज में मेड ईजी के शिशिर परसाई ने साझा की परीक्षा रणनीति और मनोवैज्ञानिक तैयारी बक्सर खबर। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत संचालित इटाढ़ी रोड स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में शुक्रवार को मोटिवेशनल एवं करियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों को गेट, इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जामिनेशन एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही दिशा प्रदान करना तथा उनके करियर से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन देना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मेड इसी एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के फैकल्टी शिशिर परसाई रहे। एक अनुभवी शिक्षाविद् और प्रेरणादायी वक्ता के रूप में उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि गेट के माध्यम से सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में आकर्षक वेतन पैकेज और बेहतर करियर अवसर उपलब्ध होते हैं। साथ ही चयन प्रक्रिया और परीक्षा रणनीति पर भी उपयोगी सुझाव साझा किए।
उन्होंने आईआईएससी, आईआईटी एस एवं एनआईटी एस जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से एम.टेक. करने के लाभ, वहां के शैक्षणिक वातावरण और प्लेसमेंट संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जामिनेशन की परीक्षा संरचना, पैटर्न और हाल ही में जोड़ी गई रेलवे रिक्तियों की जानकारी देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को अद्यतन जानकारी प्रदान की। अपने संबोधन के अंत में श्री परसाई ने वर्तमान प्रतिस्पर्धी रोजगार परिदृश्य का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतरता और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया। यह प्रेरणादायी कार्यक्रम संस्थान के प्राचार्य प्रो. डॉ. रामनरेश राय के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता शिशिर परसाई का औपचारिक फेलिसिटेशन डीन डॉ. अंजनी कुमार तिवारी एवं रजिस्ट्रार डॉ. आरएन यादव द्वारा किया गया। सेमिनार के सफल संचालन एवं समन्वय में टीपीओ कोऑर्डिनेटर गौरव परमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सेमिनार में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और इसे अपने करियर के लिए अत्यंत उपयोगी, मार्गदर्शक एवं प्रेरणादायक बताया।






























































































