‌‌‌ दम घुटने से चार की मौत, बक्सर के दो मासूम भी शामिल

0
5879

-ननिहाल गए थे छुट्टी में, पिता हैं पीसीएस अधिकारी
बक्सर खबर। बंद कमरे में दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई। जिसमें एक वृद्ध महिला व तीन बच्चे शामिल हैं। घटना छपरा जिले की है। मरने वालों में दो मासूम बक्सर के हैं। जो अपनी नानी के यहां ठंड की छुट्टी में गए थे। उनकी मां भी अस्पताल में दाखिल है। स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है। सूचना के अनुसार छपरा जिला के थाना भगवान बाजार मोहल्ला अंबिका कॉलोनी की रहने वाली कलावती देवी इन बच्चों की नानी थीं। जिनसे मिलने वाराणसी से अंजली देवी अपने तीन वर्ष के पुत्र तेजस, सात माह की बेटी गुड़िया के साथ गई थी।

उन बच्चों की मौसी अमीषा भी अपनी बेटी आद्या के साथ उसी कमरे में सो रहीं थीं। कुल सात लोग सो रहे थे। ठंड से बचने के लिए अंदर बोरसी जलाई गई थी। दरवाजे और खिड़कियां भी बंद थे। अंदर सो रहे एक व्यक्ति की सुबह बेचैनी से नींद टूटी। उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला। अंदर सो रहे लोगों पर नजर पड़ी तो सभी शांत पड़े थे। उन्होंने वृद्ध कलावती देवी को जगाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खतरे का आभास हुआ। उन्होंने शोर मचाया। घर के अन्य सदस्य आए।

सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने कलावती देवी के साथ आद्या, तेजस व गुड़िया को मृत घोषित कर दिया। परिवार में कोहराम मच गया। अन्य पीड़ित लोगों को बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है। सूचना के अनुसार बक्सर के रहने वाले संजय राय, ग्राम सिकरौल थाना राजपुर की पत्नी अंजली बच्चों के साथ वाराणसी में रहती हैं। वहां से बच्चों के साथ मायके गई थीं। संजय राय एक पीसीएस अधिकारी हैं। उनकी तैनाती जौनपुर में है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन पटना पहुंचे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here