-नगर भवन में आयोजित हुआ कार्यक्रम
बक्सर खबर। 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। 11 वें मतदाता दिवस का शुभारंभ नगर भवन में जिलाधिकारी अमन समीर ने किया। यह वर्ष खास है क्योंकि आज से मतदाता पहचान पत्र डिजिटल तरीके से उपलब्ध कराये जाने के कार्य की भी शुरू हो गया है। इस दौरान डीएम ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की सीख दी।
इस मौके पर बेहतर कार्य करने वाले चार बीएलओ को सम्मानित किया गया। इनके नाम एवं पदनाम हैं- 199-ब्रह्मपुर विधान सभा क्षेत्र के 244-उत्क्रमित मध्य विद्यालय योगियाँ (ब0भा0) के प्रखण्ड शिक्षक कमलदेव प्रसाद, 200-बक्सर विधान सभा क्षेत्र के 58- नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय बक्सर (कमरा सं0-02) की रंजीता कुमारी (आँगनबाड़ी सेविका), 201-डुमराँव विधान सभा क्षेत्र के 60-मध्य विद्यालय नंदन उतर भाग के प्रखण्ड शिक्षक कृष्ण कुमार एवं 202-राजपुर विधान सभा क्षेत्र के 330-कन्या उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामपुर टोला, कैथहर कला (प0 भाग) की आरती देवी आँगनबाड़ी सेविका।

इसके साथ ही बारह नये मतदाता को मतदाता पहचान पत्र जिला निर्वाचन पदाधिकारी महोदय के द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त बक्सर, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर, जिला भू अर्जन पदाधिकारी डुमराँव, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्तागण एवं विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।































































































