किला मैदान से हुंकार: बिहार चुनाव में अकेले लड़ेगी बसपा

0
268

रामजी गौतम और अनिल कुमार ने साधा सरकार पर निशाना                                                               बक्सर खबर। बहुजन समाज पार्टी ने बिहार में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। रविवार को स्थानीय किला मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर सह राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बसपा ने यह स्पष्ट किया कि वह 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव बहन मायावती के नेतृत्व में अकेले लड़ेगी और किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी।रामजी गौतम ने कहा कि बसपा बहुजन महानायकों की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है, जो जाति, धर्म, अमीरी-गरीबी की राजनीति से ऊपर उठकर सर्वजन समाज की रक्षा की बात करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में बसपा बिहार की राजनीति में तीसरा मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी और सत्ता परिवर्तन की राह प्रशस्त करेगी।

प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार ने बिहार की मौजूदा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बक्सर के सांसद और विधायक जनता की समस्याओं से दूर हैं और चुनावी वादे झूठे साबित हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह मानसिक रूप से अस्थिर हो गए हैं और उनकी सरकार जनता का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराध, भ्रष्टाचार और जातीय उत्पीड़न चरम पर है, महिलाएं और बहन-बेटियां असुरक्षित हैं, गरीबों को उनके हक से वंचित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बसपा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और कांशीराम की विचारधारा पर चलते हुए बहुजन समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार संविधान से खिलवाड़ कर रही है और दलित, शोषित, वंचित समाज के हक को कुचलने का काम कर रही है। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष कुणाल किशोर विवेक, महासचिव दिलीप कुमार, अभिमन्यु कुशवाहा, शिव कुमार कुशवाहा सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ता सम्मेलन ने यह साफ कर दिया कि बसपा आगामी चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरेगी और बिहार में बदलाव की लहर लाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here