दर्जनों गांवों में 900 से ज्यादा किसानों से संवाद, उन्नत तकनीकों की दी जानकारी बक्सर खबर। जिले में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ तेजी से ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर किसानों को जागरूक कर रहा है। सोमवार को कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीम ने राजपुर, इटाढ़ी, चौगाई, डुमरांव और सदर प्रखंड के कई पंचायतों का दौरा कर 900 से अधिक किसानों के साथ संवाद किया और खेती से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी दी। खरीफ की फसलों जैसे धान, मक्का और अरहर के साथ-साथ बाजरा, सांवा और कोदो को भी वैज्ञानिक तरीके से उगाने की सलाह दी जा रही है। इन अनाजों की उपयोगिता और पोषण मूल्य पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों को यह बताया गया कि कैसे ये अनाज जलवायु परिवर्तन के अनुकूल होते हैं और कम पानी में भी अच्छी उपज देते हैं।
डिजिटल इंडिया पहल के तहत किसानों को ‘किसान सारथी पोर्टल’ के बारे में विस्तार से बताया गया। यह पोर्टल किसानों को मोबाइल पर ही खेती की सलाह, मौसम की जानकारी और सरकारी योजनाओं से जोड़ने में मदद करेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परंपरागत कृषि विकास योजना, पीएम कृषि सिंचाई योजना जैसी कई लाभकारी योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया गया। किसानों को प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, एग्री ड्रोन, लेजर लैंड लेवलर, मेढ़बंदी और धान की सीधी बुआई जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। मेंढ़ पर मक्का और अरहर की बुआई जैसी तकनीकें जलवायु अनुकूल मानी जा रही हैं और इनसे उत्पादन लागत भी घटती है।
इस अभियान में कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ देवकरन, हरिगोबिंद, रामकेवल, आरिफ परवेज, राजेश कुमार राय, सरफराज अहमद खान, मुकेश कुमार, आईसीएआर पटना से डॉ गौस अली, डॉ बान्दा साईनाथ, प्रेम पॉल, डुमरांव कृषि कॉलेज से डॉ सुदय प्रसाद, डॉ रघुवर साहू, स्वीटी कुमारी समेत कई विभागीय अधिकारी शामिल हुए और किसानों को मार्गदर्शन दिया।