जल जीवन हरियाली दिवस पर क्विज और कविता पाठ के जरिए छात्रों ने सीखा जल संरक्षण का महत्व बक्सर खबर। इटाढ़ी रोड स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में मंगलवार को विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत संचालित जल जीवन हरियाली दिवस के अवसर पर विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजगता विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं संस्थान के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राम नरेश राय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जल संकट और पर्यावरण असंतुलन वैश्विक चुनौती बन चुके हैं। ऐसे में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने कहा कि जल और पर्यावरण का संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जन-जन की जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। आयोजन से जुड़े सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्रों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने पर बल दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सहायक प्राध्यापक आकृति के उद्घाटन वक्तव्य से हुई। उन्होंने जल जीवन हरियाली अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए जल संरक्षण के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे प्रयास, जैसे वर्षा जल संचयन, जल की अनावश्यक बर्बादी पर रोक और पौधारोपण, बड़े सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। इस अवसर पर द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं के बीच रोचक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जल एवं पर्यावरण से संबंधित प्रश्न पूछे गए।
साथ ही विद्यार्थियों ने कविता पाठ, काव्य प्रस्तुति, परिचर्चा और भाषण के माध्यम से जल संरक्षण के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, भूजल स्तर सुधारने और स्वच्छ वातावरण की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक प्राध्यापक नीलू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने विद्यार्थियों को दो समूहों में विभाजित कर प्रतिस्पर्धात्मक क्विज का आयोजन कराया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और रोचकता बनी रही। प्रतियोगिता में द्वितीय वर्ष के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्र विजयी रहे, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की द्वितीय वर्ष की छात्रा रनर-अप रहीं। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा जल एवं पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या में अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।































































































