– अचानक आई तेजी से तटवर्ती लोगों की बढ़ी बेचैनी, कल का दिन खास
बक्सर खबर। गंगा के जलस्तर से अचानक तेजी आ गई है। आज मंगलवार की शाम पानी का उच्चतम स्तर 59.29 मीटर है। जो चेतावनी सीमा से महज तीन सेंटीमीटर कम है। बक्सर में गंगा का चेतावनी बिंदु 59.32 मीटर है और खतरे का निशान 60.32 मीटर। एक पखवारे पहले ही पानी खतरे के निशान से नीचे उतरा था। फिर अचानक उसमें वृद्धि हुई हैं यह आंकड़े हम आपको मंगलवार की रात साढ़े नौ बजे के बता रहे हैं। बढ़ने की गति फिलहाल प्रति घंटे आठ सेंटीमीटर है। जो यह बता रही है रात दस बजे के बाद पानी चेतावनी बिंदु को पार कर जाएगा। हमारे प्रतिनिधि स्थिति का जायजा लेने रात नौ बजे रामरेखा घाट पहुंचे। उन्होंने पाया कि दोनों विवाह मंडप में पानी लगभग छह इंच उपर आ गया है।
अर्थात रामरेखा घाट की सभी सीढ़ियां पानी में समा गई हैं। केन्द्रीय जल आयोग के कर्मियों ने पूछने पर बताया प्रति घंटे पानी आठ सेंटीमीटर बढ़ रहा है। ऊपर का क्या हाल है? यह पूछने पर उन्होंने बताया प्रयागराज व वाराणसी में पानी के बढ़ने की रफ्तार धीमी पड़ रही है। अर्थात हो सकता है बुधवार की शाम तक पानी के बढ़ने की गति कमजोर पड़ जाए। लेकिन, यह जरुरी नहीं यह एक अनुमान मात्र है। वैसे भी जब पानी ऊपर आता है तो आस-पास की सहायक नदियों और मैदानी हिस्से में फैलने के कारण उसकी गति धीमी प्रतीत होती है। ऐसी स्थिति में बुधवार का दिन बहुत खास है। क्योंकि अगर गति कमजोर पड़ी तो पानी खतरे के निशान से पहले थमेगा अन्यथा हो सकता है कल शाम तक पानी खतरे के निशान के समीप पहुंच जाए।