बक्सर खबर : डुमरांव के नया भोजपुर बस्ती में 3 अक्टूबर को बड़ा हादसा होते-होते टल गया था। पश्चिमी टोला में इतना जोरदार धमाका हुआ कि इमरान अंसारी का घर गिर पड़ा। आस-पास के अन्य घरों की दीवारें दरक गईं। इस घटना में घायल इमरान अंसारी पिता वसीम अंसारी की रविवार को मौत हो गई। सूचना के अनुसार शनिवार को पटना में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जब धमाका हुआ तो लोगों को यकीन नहीं हुआ। बम इतना शक्तिशाली होगा। जांच में यह बात सामने आई। घर मालिक इमरान पेशे से पटाखा व्यवसायी था। पुलिस ने घटना के बाद उसे आरोपी बनाया था। लेकिन उसकी मौत के साथ ही मामला ठंडे बस्ते में चला गया है। सूत्रों ने बताया उसका उपचार पटना पीएमसीएच में चल रहा था। जहां उसने अंतिम सांस ली। एक नौजवान का दुखद अंत हो गया।
































































































