-सप्ताह भर में नहीं किया समर्पण तो संपति होगी जब्त
बक्सर खबर। पूर्व जिला पार्षद मुन्ना यादव के घर पर पुलिस ने शुक्रवार को कुर्की जब्ती का इश्तेहार चस्पा दिया। हत्या के मामले में फरार चल रहे मुन्ना यादव अमीरपुर गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान समय में उनकी पत्नी कुसुम देवी नावानगर पश्चिमी से जिला पार्षद हैं। इनके दरवाजे पर इश्तेहार लगाने पहुंची बासुदेवा की थानाध्यक्ष कनिष्का तिवारी ने बताया 25 मई को अमीरपुर गांव निवासी संतोष कुमार सिंह की हत्या का मामला दर्ज हुआ था।
उनकी पत्नी ने कुल छ: लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। केस के तीन आरोपी 31 मई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिए गए थे। लेकिन, उस घटना के मुख्य आरोपी मुन्ना यादव, हथियार छुपाने के आरोपी उपेन्द्र सिंह व सुनील सिंह की तलाश अभी भी जारी है। मुन्ना यादव व उपेन्द्र सिंह यह दोनों अमीरपुर गांव के निवासी हैं। तीसरा आरोपी सुनील सिंह कोनासराय थाना का रहने वाला है।































































































